बाबागंज/मटेरा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार रात और शनिवार को हुए सड़क हादसों में विशुनापुर के प्रशासक प्रतिनिधि समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशुनापुर के प्रशासक प्रतिनिधि मोहम्मद हनीफ (55) शुक्रवार देर शाम बाबागंज बाजार से दवा लेकर घर लौट रहे थे। भवनियापुर गांव के पास रुपईडीहा से नानपारा की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद चालक कार लेकर भाग गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस कर्मियों की मदद से उन्हें निजी चिकित्सक के यहां पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। मोहम्मद हनीफ के भाई खुदा दोस्त ने रुपईडीहा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर, नगर के नाजिरपुरा निवासी इमरान (30) शनिवार को बाइक से मटेरा जा रहे थे। शिवपुर मोड़ के पास एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी मटेरा प्रेमपाल सिंह ने बताया कि हादसे के समय इमरान ने हेलमेट नहीं लगाया था।