कोतवाली देहात के कटहा गांव में लगी आग को बुझाते ग्रामीण।
फखरपुर/बौंडी। फखरपुर और बौंडी इलाके में मंगलवार को आग की लपटों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक ओर जहां नयापुरवा गांव में बेटी के तिलक से ठीक पहले फूस के मकान में लगी आग से शादी की तैयारियां राख हो गईं, वहीं कटहा गांव में भी आग ने कच्चे मकान को जलाकर एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया।
फखरपुर के नयापुरवा गांव निवासी धनलाल की बेटी का तिलक समारोह बुधवार को होना था, लेकिन मंगलवार को उनके मड़हे में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे उनकी खुशियां मातम में बदल गईं। धनलाल कई दिनों से बेटी के तिलक और आगामी 20 अप्रैल को होने वाले विवाह की तैयारियों में जुटे थे। उन्होंने कपड़े, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामान एकत्र कर रखा था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
वहीं, बौंडी क्षेत्र के कटहा गांव में प्रताप नारायण के फूस के मकान में मंगलवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक कपड़े, खाद्यान्न और गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है।