फखरपुर (बहराइच)। मुड़का गांव में घर से शौच के लिए निकले दो दोस्तों की रास्ते में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। रात भर दोनों दोस्तों का शव हाई टेंशन तार के पास पड़ा रहा। देर रात से गायब दोनों किशोरों को ढूंढ़ते हुए परिवारीजन रविवार को खेत के पास पहुंचे तो देखा कि दोनों की मौत हो चुकी है। शव देखते ही कोहराम मच गया। परिवारीजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फखरपुर थाना क्षेत्र के मुड़का गांव निवासी अनिल कुमार (17) पुत्र परशुराम व शिव बालक (16) पुत्र रामदत्त दोनों आपस में गहरे दोस्त थे। शनिवार की शाम दोनों अपने घरों से नित्य क्रिया के लिए जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रास्ते में ही हाई टेंशन तार टूटकर गिरा पड़ा था। उसमें विद्युत प्रवाह जारी था। अंधेरा होने के कारण दोनों को इस बात की बिल्कुल भनक नहीं थी। जाते समय दोनों जमीन पर पड़े हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए और घटना स्थल पर ही दोनों की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई।
देर रात तक जब दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने तलाशना शुरू की, लेकिन रात में पता नहीं चल सका। रविवार की सुबह फिर से परिवारीजन दोनों को ढूंढ़ने निकले तो देखा कि दोनों हाईटेंशन लाइन के पास मृत पड़े हुए हैं। बेटों को मृत देखकर परिवारीजन के होश उड़ गए। मां-बाप बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने परिवारीजन को ढांढ़स बंधाया। घटना की सूचना पर फखरपुर थानाध्यक्ष श्यामदेव दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों के शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों किशोरों की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना से पूरे गांव में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश फैला हुआ है।
किशोरों के परिवारीजन को दिया जाए मुआवजा
सपा नेता प्रमोद सिंह जादौन ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा है कि सरकार को इस मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। मृतक किशोरों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। पूरे मामले की डीएम को जांच करानी चाहिए और जांच में अगर बिजली विभाग के कर्मचारी दोषी पाए जाएं तो नियमानुसार उन पर कार्रवाई की जाए।
मामला संदिग्ध, पीएम रिपोर्ट का इंतजार
फखरपुर थाना क्षेत्र में हुई दो बालकों की मौत का मामला प्रथम दृष्ट्या संदिग्ध लग रहा है। तार वहां जरूर टूटा पड़ा था, लेकिन बालकों का शव तार से काफी दूर था। जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।
-सुनील कुमार गुप्ता, अधिशाषी अभियंता, कैसरगंज