बहराइच/उर्रा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हुए हैं। मोतीपुर में ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गए। एक अधेड़ की सीएचसी में मौत हो गई। जबकि रामगांव में बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कोतवाली नगर के मोहल्ला काजीपुरा निवासी रिजवान (35) पुत्र गुलाम नबी अपने मित्र दिल्ली के मंगोलपुरी शिव मंदिर कॉलोनी निवासी अंकित (26) पुत्र नरेंद्र झा के साथ बाइक से नानपारा की ओर गए थे। देर शाम को दोनों जिला मुख्यालय आ रहे थे। रामगांव थाना अंतर्गत नानपारा-बहराइच मार्ग पर सोहरवा के निकट बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि अंकित को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना अंतर्गत वीरसिंहपुरवा गांव निवासी कन्ने (40), दृगराज सिंह (50) और रंजीत (32) एक बाइक से नेपाल के लिए जा रहे थे। ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मोतीपुर थाना क्षेत्र के नैनिहा के निकट पहुंचे।
तभी बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गए। जिससे तीनों घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया गया। यहां पर दृगराज की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।