मानसून की पहली बारिश ही दो लोगों पर कहर बनकर टूटी। सलारगंज में मजार पर जियारत कर रहे एक वृद्ध पर पेड़ टूटकर गिर पड़ा तो वहीं जरवलरोड के अहाता गांव में घर में सो रहे एक ग्रामीण पर बिजली गिर गई। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गुरुवार रात नौ बजे के आसपास तेज हवा चलने लगी। थोड़ी देर में ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी बीच जरवलरोड थाना क्षेत्र के ग्राम अहाता के मजरा सेठियापुरवा निवासी रामजियावन यादव (60) पुत्र प्यारे यादव, पर तेज आवाज के साथ बिजली गिर गई।
वह अपने अहाते में सो रहा था। मौके पर ही रामजियावन की मौत हो गई। सूचना पर नायब तहसीलदार अहमद फरीद खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, शहर के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला हमजापुरा निवासी 70 वर्षीय मोहम्मद उमर शुक्रवार सुबह जियारत के लिए मोहल्ला सलारगंज स्थित एक मजार पर गए। वह जियारत कर रहे थे कि तभी पाकर का एक पुराना पेड़ अचानक गिरने लगा। उमर ने भागने का प्रयास किया लेकिन पेड़ उन पर ही गिर पड़ा।
आसपास के लोग दौड़े लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दरगाह एसओ धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।