खैरीघाट में हुए हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक। -संवाद
खैरीघाट/कैसरगंज। सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। डीसीएम व अज्ञात वाहन के चालकों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है।
रामगांव क्षेत्र के बेगमपुर स्थित शांतिनगर निवासी रामशरन चौहान (58) अपने साथी गिलौला निवासी दिलीप (20) के साथ सोमवार दोपहर बाहरपुर गांव में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे बहराइच-सीतापुर मार्ग पर कल्याणपुर चौराहे के निकट उनकी बाइक तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रमपुरवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रामशरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलीप को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है।
उधर, कैसरगंज के माता भगवती कुंज आश्रम निवासी कुंवारा देवी (60) रविवार शाम करीब छह बजे आश्रम से गेंदौरा जाने के लिए निकली थीं। कुछ दूर पहुंचने पर वह अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी फखरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कुंवारा देवी के भतीजे राजितराम ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दोनों हादसों की जांच संबंधित थाना प्रभारियों से कराई जा रही है। वाहन चालकों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।