बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र के बक्शीपुरा नई बस्ती निवासी शिक्षिका, उसकी बेटी व पति को बंधक बनाकर की गई तीन लाख की डकैती में शामिल दो बदमाशों को बुधवार शाम पुलिस ने दबोच लिया। बदमाशों के पास से दो तमंचे, तीन कारतूस व आभूषण बरामद हुए है। पुलिस बदमाशों की निशानदेही पर डकैती में शामिल चार अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दरगाह थाना प्रभारी हरेन्द्र मिश्रा व स्वाट प्रभारी राजकुमार पांडेय ने सर्विलांस की मदद से दो अभियुक्तों को चिन्हित किया था। जिन्हें बुधवार शाम दबिश देकर दबोच लिया गया। बदमाशों की पहचान बौंडी थाना क्षेत्र के कंदौसापुरवा निवासी अनवर आलम व इसी थाना क्षेत्र के तेतारपुर निवासी महमूद हसन के रूप में हुई है।
बदमाशों के पास से दो तमंचा, तीन कारतूस, ग्रिल काटने की मशीन, शिक्षिका के घर से उठाए गए आभूषण आदि बरामद हुए। बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
अन्य वारदातों का हो सकता खुलासा
एएसपी नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से पूछताक्ष की जा रही है। बदमाशों ने रिसिया, फखरपुर, हुजूरपुर, नानपारा में हुई कुछ अन्य चोरियों में भी शामिल होने की बात कुबूल की है।