श्रावस्ती। भिनगा इकौना मार्ग स्थित सेमरी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार मध्य रात बदमाशों की हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया और दो भागने में सफल हो गए। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने के कारण उसे जिला अस्पताल लाया गया। पूछताछ में उसने तीन दिन पूर्व भिनगा नगर के मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी वृद्धा से हुई लूट में शामिल होना स्वीकारा है।
भिनगा कोतवाली अंतर्गत नगर के ही मोहल्ला हनुमानगढ़ी निवासी प्रभात कुमार पुत्र सुरेश कुमार की दादी गत 13 सितंबर को बैंक से 49 हजार रुपये निकाल कर वापस घर लौट रही थी। तभी बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए थे। एसपी प्राची सिंह ने घटना का खुलासा करने के लिए कोतवाली व सर्विलांस सेल की टीम को लगाया था।
मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार आधी रात सेमरी पेट्रोल पंप के निकट डेरा डाला। इस दौरान कुछ देर बाद पुलिस पर वहां मौजूद बदमाशों ने फायर झोंक दिया। जवाब में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घेराबंदी कर दो को गिरफ्तार कर लिया जबकि दो भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान गोंडा के थाना वजीरगंज अंतर्गत डुमरियाडीह निवासी रामस्वरूप व मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोहार निवासी वरुण कुमार के रूप में हुई। जबकि उसके साथी डुमरियाडीह निवासी अतुल पुत्र राम भरोसे व भया पुत्र अज्ञात पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, 315 बोर देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने 12 हजार रुपये भी बरामद किए। इस बारे में एसपी प्राची सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में रामस्वरूप के पैर में गोली लगी थे। रामस्वरूप के विरुद्ध गोंडा, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, अमेठी, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, उन्नाव जिले में 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों के विरुद्ध में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। संवाद