बहराइच। जरूरतमंद परिवारों के बुजुर्गों को सरकार की ओर से प्रति माह 1000 रुपए पेंशन के रूप में दिए जाते हैं। लेकिन जिले के 19547 बुजुर्ग लाभार्थी ऐेसे हैं, जिनकी पेंशन ई-केवाईसी के अभाव में फंस गई है। इससे बुजुर्ग परेशान हैं और ई-केवाईसी के लिए बैंकों व समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत जिले के 1,10,547 लाभार्थी योजना का लाभ ले रहे थे लेकिन इस बार सिर्फ 77, 763 लाभार्थियों की ही पेंशन आई है। वहीं समाज कल विभाग की ओर से 22, 227 लाभार्थियों के खाते में एक सप्ताह के भीतर योजना के तहत 1000-1000 रुपए की किस्त आने का दावा किया जा रहा है।
लेकिन 19, 547 लाभार्थी ऐसे हैं, जिनकी पेंशन ई-केवाईसी न होने से फंस गई है। जिसके चलते लाभार्थी बैंको के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन बुढ़ापे के चलते उनके फिंगर स्कैन न होने के चलते उनका ई-केवाईसी नहीं हो पा रहा है और लाभार्थी भटक रहे हैं। वहीं कई लाभार्थी इस दौरान बैंक कर्मियों पर लापरवाही का भी आरोप लगा रहे हैं।
जिले के 1, 10, 547 लाभार्थियों में से 77, 763 की पेंशन उनके खातों में पहुंच गई है। 22, 227 लाभार्थियों की पेंशन दूसरी लिस्ट में भेज दी गई है और एक सप्ताह में पहुंच जाएगी। शेष बचे लाभार्थियों की पेंशन भी ई-केवाईसी होते ही उनके खातों में भेजी जाएगी।
रमाशंकर गुप्ता, समाज कल्याण अधिकारी