नानपारा (बहराइच)। रजवापुर गांव निवासी दो बच्चे सोमवार शाम मछली का शिकार करने गांव से कुछ दूरी पर स्थित तालाब के तट पर गए थे। लेकिन, पैर फिसलने से दोनों बच्चे डूब गए। देर शाम उनके शव तालाब में उतराते मिले।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत रजवापुर गांव निवासी विजय कुमार (10) पुत्र अवधराम और आनंद कुमार (12) पुत्र चेतराम सोमवार शाम चार बजे के आसपास गांव से सौ मीटर की दूरी पर स्थित तालाब के तट पर मछली का शिकार करने गए थे।
शिकार करते समय विजय कुमार का पैर फिसल गया। वह तालाब में डूबने लगा तो तट पर मौजूद आनंद बचाने दौड़ा लेकिन वह भी अपना संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया।
आसपास के लोग चीख पुकार सुनकर दौड़े लेकिन तब तक दोनों बच्चे डूब चुके थे। परिवारीजन भी तट पर पहुंचे। गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू की गई तो दोनों बच्चों के शव दूसरे छोर पर उतराते मिले। सूचना पाकर पहुंची नानपारा पुलिस ने शवों का पंचनामा कर लाश परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया है।