मटेरा (बहराइच)। बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा थाना क्षेत्र के डीहवा गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे के बाद नानपारा टोल प्लाजा पर ट्रक रोककर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
मटेरा चौराहा निवासी नन्हे (30) पंचर की दुकान लगा कर जीवन यापन करता था। बृहस्पतिवार को वह बाइक से बाराबंकी के बाबागंज निवासी चंद्रभान यादव (30) के साथ नानपारा जा रहा था। बहराइच-नानपारा हाईवे पर डीहवा के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछ से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों जख्मी हो गए। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मटेरा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि नानपारा टोल प्लाजा के पास से लोगों ने ट्रक को पकड़ कर चालक को पीट कर पुलिस को सौंप दिया।