महसी (बहराइच)। अधिवक्ताओं से मारपीट का आरोप लगाकर की गई शिकायत के मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गंगापुरवा के मजरा चांदपारा निवासी मुन्नू व राजितराम ने सिपहिया प्यूली जाने वाले मार्ग के किनारे जमीन खरीदी थी और वह उस पर निर्माण करवा रहे हैं। सोमवार को उधर से गुजर रहे अधिवक्ता रामकरन त्रिपाठी, दिव्यकांत मिश्रा, रुद्र प्रकाश त्रिपाठी, रजनीश त्रिपाठी, दीपक अवस्थी आदि ने निर्माण को सड़क से सटाकर करने का आरोप लगाते हुए विरोध किया।
आरोप है, कि इसके बाद निर्माणकर्ताओं ने अधिवक्ताओं से मारपीट की। नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी पहुंचकर पूरा प्रकरण बार एसोसिएशन को बताया। इसके बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ताओं के साथ महसी चौकी पहुंचे और आरोपियों पर मुकदमा लिख जेल भेजने की मांग की। चौकी प्रभारी अयोध्या सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।