सर्विलांस, स्वाट व जरवलरोड पुलिस की संयुक्त टीम को मिली सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। स्वाॅट, सर्विलांस व जरवल थाना की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को कोतवाली देहात के हरिहरपुर के डाकघरपुरवा गांव में सेवानिवृत्त जेलर के पुत्रों के घर हुई चोरी के मामले का खुलासा किया। पुलिस ने दो चोरों को जरवल कस्बा के धोबी घट्टा लखनऊ रोड से व चोरी का माल खरीदने वाले सराफ को मोहल्ला बैराकाजी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पकड़े गए चोरों के बारे में पुलिस लाइन सभागार में बृहस्पतिवार को एएसपी सिटी ने जानकारी दी।
एएसपी ने बताया कि पकड़े गए चोर बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के राम स्वरुपपुरवा इब्राहिमपुर मझारा निवासी तसव्वर हाल पता जरवल कस्बा, व हुजूरपुर रज्जापुरवा पुरैनी निवासी अबू तालिब है। एएसपी रामानंद कुशवाहा ने बताया कि पांच अगस्त की रात हरिहरपुर में पांच चोरों ने मुन्ना सिंह व उनके छोटे भाई के घर से चोरी की थी। इस दौरान आहट मिलने पर परिजनों के जागने पर ग्रामीणों ने एक चोर को पकड़कर पिटाई कर दी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी। वहीं दूसरा चोर त्रिलोकी पकड़ा गया था। जिसने पूछताछ में उक्त चोरों के नाम बताए थे। तभी से टीमें अन्य चोरों को पकड़ने में लगी हुई थी। इसके अलावा पुलिस ने सराफा व्यापारी बैराकाजी निवासी रजनीश को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरों ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी का माल रजनीश को बेचते थे। उक्त चोरों ने जरवल कस्बा में भी कई चोरियां करने की बात स्वीकारी है। पकड़े गए चोरों के पास से चोरी के चार जोड़ी पायल, मंगलसूत्र, कान की बाली, अंगूठीा, जंजीर, 77 सौ रुपये नकदी बरामद कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाॅट प्रभारी दिवाकर तिवारी, जरवलरोड थाना सहित आदि पुलिस टीम शामिल रही। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए तसव्वर पर बाराबंकी जिले में चोरी सहित अन्य मामलों के छह केस वहीं अबू तालिब पर कैसरगंज, हुजूरपुर थाना में दो मामले दर्ज हैं।