मिहींपुरवा(बहराइच)। नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर रविवार की सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदते हुए एक टैंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टैंपो में बैठी एक महिला भी घायल हो गई। तीनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मोतीपुर ले जाया गया। यहां एक ही हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गयी है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा निवासी अमरेश(35), दिनेश(32) व अनिल(25) तीनों सगे भाई हैं। तीनों रविवार की सुबह बाइक से नानपारा तहसील स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। वे नानपारा-लखीमपुर हाईवे पर कुड़वा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि लखीमपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक ने हाईवे किनारे सवारी बैठा रहे एक टैंपो को भी टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अमरेश की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं बाइक पर बैठे दिनेश, अनिल व टैंपो सवार महिला सुनीता (35) गंभीर रूप से घायल हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोतीपुर पहुंचाया। अनिल की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। दिनेश व सुनीता का इलाज अभी भी जारी है। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मचा है। सभी हादसे में घायल दो अन्य भाईयों की सलामती के लिए मन्नतें मांग रहे हैं। थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक चालक रायबोझा के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।