पैर कटने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती अंगनू।
धरसवां। बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर अशोका गांव के पास रविवार सुबह अनियंत्रित होकर प्लाईवुड लदा ट्रक पलट गया। इसकी चपेट में आने से खेत जा रहे साइकिल सवार ग्रामीण अंगनू (49) के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। दरगाह थाना क्षेत्र के डीहा गांव निवासी अंगनू रविवार सुबह साइकिल से खेत जा रहे थे। अशोका गांव के पास बलरामपुर की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में अंगनू ट्रक की चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार ट्रक मुरादाबाद की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का है और प्लाईवुड लादकर बलरामपुर जा रहा था। हादसे के बाद चालक भाग निकला, जिसे पुलिस ने खोजकर हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। ट्रक मालिक को बुलाया गया है। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।