बहराइच/रिसियामोड़। भोपतपुर के पास रविवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने मिहींपुरवा के ग्राम पंचायत अधिकारी नंदकिशोर को रौंद दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वे लेखपाल भर्ती परीक्षा की ड्यूटी करने के बाद जिला मुख्यालय से मिहींपुरवा लौट रहे थे। इसके अलावा दो अन्य हादसों में तीन लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर निवासी नंदकिशोर नानपारा तहसील क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड मिहींपुरवा में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात थे।
रविवार को लेखपाल की परीक्षा में नंदकिशोर की ड्यूटी लगी थी। वह जिला मुख्यालय पर ड्यूटी करने के बाद देर रात बाइक से मिहींपुरवा लौट रहे थे तभी नानपारा-बहराइच मार्ग पर भोपतपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
वे बाइक समेत नीचे गिर गए तो ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया, जिससे मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
थानाध्यक्ष एके सिंह ने टीम के साथ मुआयना किया लेकिन ट्रक चालक पकड़ा नहीं गया।
उधर, सोमवार सुबह रामगांव के बभनी पुल के पास कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार सलमान (28) व विवेक कुमार (22) निवासी सिंघापुरवा रिसियाघायल हुए हैं। उधर, इसी मार्ग पर बेगमपुर के निकट बाइकों की टक्कर में रामगांव निवासी रहमान को चोटें आई हैं।