बहराइच-लखनऊ हाईवे स्थित संजय सेतु पर लगी वाहनों की कतार। -स्रोत : स्थानीय लोग
जरवलरोड। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संजय सेतु पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे भूसी लदा ट्रक खराब हो गया। इससे पुल के दोनों तरफ कई किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। तब जाकर लोगों ने राहत महसूस की।
संजय सेतु पर शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे लखनऊ जा रहा भूसी लदा ट्रक अचानक खराब हो गया। बीच पुल पर ट्रक के खराब होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। इससे लगभग चार-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
इस बीच भारी संख्या में सरकारी व निजी वाहन तथा एंबुलेंस भी फंसे रहे। मरीजों तथा हाईकोर्ट जाने वाले लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। कोई वकील से अगली तिथि लेने के लिए जा रहा था, तो कोई अपने गंतव्य तक समय से न जा पाने की आशंका में परेशान रहा।
बहराइच निवासी महीप कुमार ने बताया कि उन्हें अपनी माता जी को लखनऊ में डॉक्टर को दिखाना था, विलंब हो जाने के कारण डॉक्टर के पास समय से नहीं पहुंच पाएंगे तो परेशानी हो जाएगी।
घाघराघाट चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि पुल पर ट्रक खराब हो जाने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, ट्रक को सड़क से हटवा दिया गया है। गाड़ियों को वनवे करके निकला जा रहा है। भीषण जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए बहराइच और बाराबंकी पुलिस लगी रही।