जरवलरोड। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित संजय सेतु पर शुक्रवार शाम एक ट्रक खराब हो जाने से भीषण जाम लग गया। शाम करीब छह बजे पुल के बीचों-बीच ट्रक रुक जाने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छोटे-बड़े वाहन करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पुल के दोनों ओर तीन से चार किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। सूचना मिलते ही जरवलरोड पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटवाने का काम शुरू कराया। घाघराघाट चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि ट्रक खराब होने के कारण यह स्थिति बनी थी। वाहन को हटाकर अब यातायात को वनवे करके धीरे-धीरे सुचारु कराया जा रहा है।