नानपारा। मोहल्ला हसनगंज निवासी अनम ने महिला थाना नानपारा में शिकायती पत्र देकर अपने पति पर सऊदी अरब से तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अनम का कहना है कि उसकी माता का बचपन में ही निधन हो गया था। पिता ने पालन-पोषण किया। इसके बाद सभी परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार थाना दरगाह क्षेत्र के मोहल्ला बक्शीपुरा निवासी वसीम अहमद से उसका विवाह 24 नवंबर 2024 को कराया था। शादी के कुछ माह बाद उसकी सास ने उसका जेवर गिरवी रखकर पति को रोजगार के लिए सऊदी अरब भेज दिया। इसके बाद सास जमीला खातून और ननद नूरी खातून ने उसे 30 मई 2026 को घर से निकाल दिया और दहेज न लाने तक वापस न आने के लिए कहा। इसकी शिकायत जब पीड़िता ने अपने पति वसीम अहमद से की तो उन्होंने सऊदी अरब से ही फोन पर तीन तलाक दे दिया। नानपारा के कोतवाल राजनाथ सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज मामले की जांच की जा रही है।