मिहींपुरवा के पृथ्वीपुरवा में पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हिंदू संगठन
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। पुलवामा शहीद दिवस पखवारा के तहत बुधवार को पृथ्वीपुरवा गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसके मुख्य अतिथि बलहा विधायक प्रतिनिधि रहे। इस मौके पर लोगों ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारीजनों की आर्थिक मदद करने का संकल्प लिया।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों के हमले में 14 फरवरी 2019 को 40 जवान शहीद हो गए थे। हिंदू एकता निर्माण संघ की ओर से बलिदान दिवस पखवारा मनाया जा रहा है। उसी के तहत बुधवार को मिहींपुरवा विकास खंड के पृथ्वीपुरवा गांव में बलिदान दिवस और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि बलहा विधायक प्रतिनिधि आलोक जिंदल व विशिष्ट अतिथि संगठन के प्रदेश महामंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव रहे।
इस दौरान लोगों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने संकल्प लिया कि शहीदों के परिवारीजनों की हर तरह से मदद की जाएगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बलराम पोरवाल, देवीपाटन मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पोरवाल, रामजी गुप्ता, पवन पोरवाल, अंकित, सूरज, लायकराम वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष बलराम मौर्य आदि मौजूद रहे।