रुपईडीहा में गुरुवार को बैठक करते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। कस्बे में उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों की बैठक हुई, जिसमें व्यापारियों ने गृह मंत्रालय व अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर सीमा पर पूर्ण रूप से आवागमन बंद करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि छिटपुट रास्ते से दोनों देशों के लोग आवागमन कर रहे हैं, जबकि नेपाल ने पूर्ण रूप से आवागमन पर रोक लगा दी है। ऐसे में भारत की तरफ से रोक लगाई जाए।
रुपईडीहा में देर शाम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की बैठक नगर अध्यक्ष विजय कुमार मित्तल के प्रतिष्ठान पर हुई। अध्यक्षता संरक्षक रमेश कुमार अमलानी ने की। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए व्यापारी हर जतन कर रहे हैं, लेकिन कस्बे में कोरोना के साथ डेंगू का फैलना काफी गंभीर विषय है। अध्यक्ष विजय कुमार मित्तल ने कहा कि नेपाल सरकार ने पूर्ण बंदी कर दी है। जबकि सीमा पर भारत की ओर से सैकड़ों वाहनों का आवागमन जारी है। ऐसे में दोनों देशों के लोगों के आवागमन से कोरोना संक्रमण फैल सकता है। ऐसे में जब तक दोनों देश में कोरोना संक्रमण का खात्मा नहीं हो जाता। तब तक भारत सरकार की ओर से भी पूर्ण रूप से बंदी को सख्ती से लागू किया जाए।
कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र नेपाल से बड़ी संख्या में नेपाली कामगार भारतीय क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं। ऐसे में बंदी पर सवाल उठाना लाजिमी है। संरक्षक रमेश कुमार अमलानी ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए भारत से नेपाल जाने वाले लोगों को पूरी तरह से रोका जाए। इसके बाद व्यापारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्रालय और जिलाधिकारी को पत्र भेजा। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के नगर महामंत्री संजय कुमार वर्मा, संरक्षक रतन कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष हाजी अब्दुल रहीम, अब्दुल माजिद, मंगल सोनी, शैलेष जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, विपिन अग्रवाल, डॉ. उमाशंकर वैश्य, नरेश मित्तल, निर्मल, योगेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।