बहराइच। शहर में बदहाल यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण और जाम का मुद्दा व्यापारियों ने मंगलवार को उद्योग बंधु की बैठक में उठाया। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं सिटी मजिस्ट्रेट को व्यापारियों ने अपनी कई समस्याओं से अवगत कराया और उनके निराकरण की मांग की। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी मुद्दों को डीएम के सामने रखकर उनका निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक में व्यापार मंडल संरक्षक कुलभूषण अरोड़ा ने शहर में मनमाने तरीके से ई-रिक्शा संचालक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शों का संचालन में मनमानी से जाम लग रहा है। इसे वाहन चालक भी परेशान होते हैं। अन्य व्यापारियों ने भी यातायात व्यवस्था की बदहाली की बात कही।
व्यापारियों ने कहा कि चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाद जाम की समस्या से राहत नहीं मिल पा रही है। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों ने शहरी क्षेत्र में बिजली के तीन नए फीडर लगाने की मांग उठाई। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष दीपक सोनी दाऊजी, जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका और विजय केडिया ने कहा कि शहर की कई समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाए।
शहर में लागू होने वाली महायोजना को जल्द अमलीजामा पहनाने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं सिटी मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को बताया जाएगा। बैठक में व्यापारी विजय केडिया, मनीष मेहरोत्रा, पीयूष मातनहेलिया, विनोद टेकड़ीवाल के साथ कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
मंडलायुक्त की बैठक में शामिल होने गई थीं डीएम व सीडीओ
उद्योग बंधु की बैठक में डीएम व सीडीओ मौजूद नहीं थीं। मंगलवार को बलरामपुर जिले में मंडलायुक्त की मंडलीय बैठक थी। इस बैठक में शामिल होने के लिए डीएम व सीडीओ बलरामपुर गई थीं। ऐसे में उद्योग बंधु की बैठक सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में हुई।