समसा तरहर गांव के पास बाइक सवार को बचाने में बुधवार दोपहर जायरीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे ट्रॉली में सवार एक बालक की मौत हो गई। हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां तीन की हालत नाजुक है।
ये सभी सिसई सलोन गांव से बालक का मुंडन संस्कार कराने गाजी की दरगाह जा रहे थे। गांव में गमी का माहौल है। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर पंचायत रिसिया के गायत्री नगर निवासी रमजान बुधवार को बेटे रिजवान (5) का मुंडन कराने के लिए रिश्तेदारों व परिवारीजनों के साथ सैय्यद सलार मसऊद गाजी की दरगाह जा रहे थे। जायरीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब असोम रोड पर समसा तरहर गांव के पास पहुंची।
तभी एक बाइक सवार सामने आ गया। उसको बचाने मेें ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और इसी दौरान वाहन का बोल्ट टूट गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इससे ट्रॉली में सवार रिजवान की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि गुड़िया (18) निवासी सिसई सलोन, कल्लू (50), अंजुम सायरा (40), सद्दाम (15), भंगी (43) निवासी सरस्वती नगर, गुलाम अहमद (20) निवासी जंगपुर, समद (48) निवासी गायत्री नगर, लेंगड़ (23) निवासी राजेंद्र नगर, हसन अली (50), रहीसुन (38) निवासी भग्गड़वा, मल्हीपुर समेत 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिवजान को मृत घोषित कर दिया। सद्दाम, भंगी व गुलाम की हालत नाजुक हैं।
दुर्घटना में रिजवान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां-बाप पछाड़े खा-खाकर गिर रहे हैं। रिजवान का ही मुंडन दरगाह शरीफ में होना था। परिवार के लोग काफी खुश थे। लेकिन बच्चे की मौत के बाद माहौल गमगीन हो गया है। मां-बाप को ढांढस देने वालों की आंखें भी नम हो रही हैं।
दुर्घटना जब हुई तो तत्काल लोगों ने 108 नंबर डायल कर सूचना दी। लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने जीप से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डेढ़ घंटा बीतने पर चित्तौरा से एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंची। इससे लोगों में काफी आक्रोश रहा।