फखरपुर (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर खलीफतपुर के पास बुधवार की रात गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली व पार्सल कैंटर में भिड़ंत हो गई, जिसमें दोनों वाहनों के परखचे उड़ गए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार दो किसानों की मौत हो गई।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के जय सिंगापुर के मजरा अतरौलिया गांव निवासी किसान माधवराज यादव (45) पुत्र बालक राम यादव अपने साथ रामकुमार (22) पुत्र नंदलाल को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर मिल आ रहे थे। रास्ते में फखरपुर थाना क्षेत्र के बहराइच-लखनऊ हाईवे पर खलीफतपुर के पास पार्सल कैंटर से भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार दोनों किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। फखरपुर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश त्रिपाठी टीम के मौके पर पहुंचे। जेसीबी से पलटी ट्रॉली को सीधा कराकर दबे किसानों को बाहर निकलवाया और मेडिकल कॉलेज भेजवाया। जहां इलाज के दौरान दोनों किसानों की मौत हो गई। मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहोश हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।