- कुंभकर्ण, मेघनाद, रावण से होगा महासंग्राम, आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र
- फोटो- 36 से 46 तक
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा महोत्सव जिले में शनिवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के झिंगहाघाट स्थित सरयू तट के निकट रामलीला मैदान में मथुरा-वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला का मनोहारी मंचन किया जा रहा है। शनिवार को रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद का भगवान राम व लक्ष्मण से महासंग्राम होगा। इस दौरान रावण के 55 फीट पुतले का दहन किया जाएगा।
शहर के पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर में शनिवार को पूजन-अर्चन के बाद लंकेश अपनी सेना के साथ रामलीला मैदान पहुंचेगा। जहां युद्ध का मंचन किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरण टेकड़ीवाल ने बताया कि रावण दहन के बाद आतिशबाजी की जाएगी जो आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इनसेट-
शबरी ने भगवान राम को खिलाए जूठे बेर
श्री रामलीला समिति रूपईडीहा के अध्यक्ष निर्मल अग्रवाल ने बताया कि सातवें दिन सीताहरण लीला का मंचन किया गया। बताया कि शनिवार को 21 फीट रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रिसिया में रामलीला मंचन के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक देखने पहुंचे। बौंडी में भी वृंदावन धाम से आए कलाकारों ने मारीच वध, लक्ष्मण रेखा, सीताहरण, जटायु वध, राम-सुग्रीव मित्रता आदि लीला का मंचन किया। नवाबगंज के पांडवकालीन जंगलीनाथ शिव मंदिर में राम वनवास, चरण पादुका, दशरथ मरण, सीताहरण लीला का मंचन किया गया। जिसे देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके अलावा नानपारा के रामलीला मैदान में राम व कुंभकरण युद्ध का मंचन किया गया।