कैसरगंज (बहराइच)। घरेलू कलह से तंग आकर ग्राम पंचायत कसेहरी बुजुर्ग निवासी पवन (22) ने शनिवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पवन का शव फंदे से लटकता देख परिजनोंं में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक के ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पवन के दिव्यांग पिता धर्मराज जायसवाल ने बताया कि बेटे का उसकी पत्नी पूजा से किसी बात पर विवाद हो गया था। इसकी जानकारी पूजा ने अपने पिता को दी। इस पर वह कुछ साथियों के साथ घर पहुंचे और पवन के साथ अभद्रता की। यही नहीं पूजा को अपने साथ ले जाने की जिद करने लगे। पवन ने जब इसका विरोध किया तो वे सब हाथापाई पर उतर आए। इस दौरान पवन ने आत्महत्या कर लेने की धमकी भी दी, लेकिन पूजा के परिजन नहीं माने और पवन को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए पूजा को साथ लेकर चले गए। इसके बाद शनिवार सुबह पवन ने घर के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना पर कोतवाल सुरेंद्र कुमार शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। कोतवाल ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।