बहराइच। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण केे लाभार्थी तिलकराम से बात करते हुए देश की भलाई के लिए बच्चों की पढ़ाई पूरी करवाने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मांगा। लाभार्थी ने पीएम से बच्चों का भविष्य बनाने का वादा किया और अब उन्होंने ठान लिया है कि वह अपने बच्चों को आईएएस अधिकारी व चिकित्सक बनाएंगे। पढ़ाई में पड़ने वाली बाधाओं को वह अपने हौसलों से मात देकर बच्चों को मंजिलों की राह दिखाकर पीएम से किया वादा पूरा करेंगे। पीएम से वार्ता करने के बाद तिलकराम का यह आत्मविश्वास देखकर गांव के ग्रामीणों ने उत्साहवर्धन बढ़ाते हुए हौसला आफजाई किया।
जिले के शिवपुर ब्लॉक के रखौना गांव निवासी तिलकराम को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ मिला है। वह खेती किसानी करते हैं। परिवार में माता-पिता, पत्नी व तीन बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी तिलकराम के कंधों पर है। खेती से इतनी कमाई नहीं हो पाती कि तिलकराम अपने बच्चों बब्लू, प्रताप व सुशील को किसी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ा सकें। तिलकराम के तीनों बच्चे गांव के स्कूल में अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी कर रहे है। शुक्रवार को तिलकराम ने पीएम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की तो पीएम ने बच्चों की पढ़ाई करवाने का वादा करवाया। वार्ता के बाद तिलकराम का हौसला और बढ़ गया है।
उन्होंने अब ठान लिया है कि पीएम की बातों को अमल में आकर बच्चों को आईएएस अधिकारी व डॉक्टर बनाएंगे। अच्छी पढ़ाई करवाने के लिए आने वाली समस्याओं को वह अपनी मेहनत से मात देकर बच्चों को एक सफल अधिकारी बनाने तक संघर्ष कर मजबूरियों से लड़ाई लड़ेंगे। तिलकराम ने कहा कि पीएम के संबोधन से आत्मविश्वास के साथ प्रोत्साहन भी मिला है, जो मेरी किस्मत के साथ बच्चों की अच्छी तकदीर लिखने में मददगार साबित होगी।
इस अवसर पर सांसद बहराइच अक्षयवरलाल गोंड, विधायक नानपारा माधुरी वर्मा, जिलाधिकारी शंभु कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रशिक्षु आईएएस सूरज पटेल, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिल कुमार सिंह व लाभार्थी तिलकराम का परिवार मौजूद रहा।
खुशी से छलक उठीं आंखें
पीएम से बात करने के बाद अपने सुखद समय को व्यतीत करते समय तिलकराम की आंखें आंसुओं से भर आईं। आंखों से गिरते आंसू को पोंछते हुए तिलकराम ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मुझ जैसे एक आम आदमी से बात करेंगे, यह मैंने अपने जीवन में कभी सोचा भी न था। इस दौरान उनकी आंखें खुशी से छलक उठीं।
मेरी किस्मत है कि पीएम ने मुझसे बात की
तिलकराम ने कहा कि यह मेरी किस्मत है कि देश के प्रधानमंत्री ने मुझे बात करने के लिए चुना। जिले में कई लोगों को यह लाभ मिला है, लेकिन पीएम ने बात करने के लिए मुझे चुना यह मेरे और मेरे गांव व जिले के लिए गौरव की बात है। यह सुखद पल आजीवन याद रहेगा।