मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर सड़क पर चहलकदमी करता बाघ।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर शुक्रवार को मुर्तिहा वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सामने जंगल से निकलकर एक बाघ सड़क पर आ गया। इससे आवागमन कर रहे लोग ठहर गए। लगभग पांच मिनट तक सड़क पर चहलकदमी के बाद बाघ जंगल की ओर चला गया। इस दौरान राहगीर दहशत में रहे।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया-मिहींपुरवा मार्ग पर शुक्रवार को लोग आवागमन कर रहे थे। सुबह नौ बजे के आसपास मुर्तिहा रेंज कार्यालय के सामने स्थित ग्रास लैंड से निकलकर एक बाघ सड़क पर आ गया। मार्ग पर बाघ को देखकर आवागमन करने वाले लोग ठहर गए। इस दौरान लगभग 20 मीटर की दूरी तक बाघ सड़क पर चहलकदमी करता रहा। पांच मिनट चहलकदमी करने के बाद बाघ जंगल की ओर चला गया। इस दौरान लोगों ने बाघ का वीडियो बना लिया। सड़क पर बाघ को देखकर लोगों में दहशत रही। राहगीरों ने सूचना रेंज कार्यालय पर दी है। वन क्षेत्राधिकारी के मुताबिक जंगल क्षेत्र में अक्सर बाघ और तेंदुए सड़क पर निकलकर विचरण करते रहते हैं। हमलों से बचने के लिए लोग सतर्क रहें।