बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में रविवार को दोपहर में बिछिया बैरियर से करीब सौ मीटर दूर पुलिया के पास बाइक से जा रहे दंपती पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पत्नी को बचाने के लिए बाघ से संघर्ष में पति भी जख्मी हो गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
कारीकोट-नरायनटाड़ा गांव निवासी जनार्दन (40) पत्नी सुशीला (30) के साथ रविवार को दोपहर में बाइक से बिछिया होते हुए मिहींपुरवा जा रहे थे। इसी दौरान पुलिया के पास बाघ ने अचानक बाइक पर झपट्टा मार दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और बाघ का पंजा लगने से सुशीला गंभीर रूप से घायल हो गई। पत्नी पर फिर से झपट्टा मारते देख जनार्दन बाइक छोड़कर बाघ से भिड़ गए। बाघ ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। इससे उन्हें भी खरोचें आईं। हालंकि, इसी दौरान मार्ग से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे बाघ दंपती को छोड़कर सड़क से नीचे घने जंगल की ओर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही कतर्नियाघाट वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ के निर्देश पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के दंपती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं, हमले के बाद वन दारोगा राधेश्याम, वन रक्षक संतोष कुमार तथा सुजौली पुलिस की टीम ने बिछिया बैरियर पर मोर्चा संभाल लिया। राहगीरों को सतर्क किया जा रहा है और जंगल से सटे मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
सप्ताह भर से बाइक सवारों को दौड़ा रहा है बाघ
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिछिया बैरियर के आसपास बाघ की गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं। कई बार वह सड़क से गुजर रहे बाइक सवारों और राहगीरों की ओर झपट्टा मार चुका है, लेकिन किसी तरह लोगों ने भाग कर अपनी जान बचा ली। इस मामले में लोगों ने रेंज कार्यालय पर सूचना भी दी, लेकिन बाघ की मौजूदगी से निपटने के लिए प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए।
हथिनियों के साथ जंगल में कॉम्बिंग
- बिछिया बैरियर के निकट बाघ की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी और सर्च अभियान तेज कर दिया है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि महावत मोहर्रम अली, सहायक महावत इरशाद अली और राहुल हथिनी जयमाला व चंपाकली के साथ बाघ के मूवमेंट वाले क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रहे हैं। टीम घटना स्थल और आसपास के जंगलों में लगातार गश्त कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है। वन रक्षक संतोष कुमार तथा वाचर संजय गौड़ और सुनील भी पेट्रोलिंग में जुटे हैं।