बिछिया (बहराइच)। बिछिया वन चौकी के पास गुरुवार को सुबह घास के मैदान में चर रहे मवेशियों के झुंड पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया, जिससे एक बछड़े की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना रेंज कार्यालय पर दे दी है। वहीं, बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र में बिछिया वन चौकी के निकट घास का बड़ा मैदान है। इसी मैदान में सुबह मवेशी घास चर रहे थे। तभी अचानक जंगल से निकलकर आए बाघ ने मवेशियों के झुंड पर हमला कर दिया।
बाघ के हमले को देखकर गांव निवासी अहमद हसन, जमील अंसारी आदि हांका लगाने लगे, जिस पर घायल बछड़े को छोड़कर बाघ जंगल में भाग गया। बाघ के हमले मेें घायल बछड़े ने थोड़ी ही देर बाद दम तोड़ दिया।
यह बछड़ा बिछिया गांव निवासी अंगनू शर्मा का बताया जा रहा है। बाघ के मुंह से निवाला छीनने के कारण वह पास की झाड़ियों में ही दहाड़ता रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना रेंज कार्यालय को भी दी, मगर मौके पर वन विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा।