बहराइच। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से तीन किशोरियां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। परिजनों ने परिचितों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद संबंधित थानों में सूचना दी गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।
फखरपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी चार नवंबर से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। पूछताछ में जानकारी मिली कि गांव निवासी विशाल उसे फुसलाकर अपने साथ ले गया है। परिजनों ने बेटी को सकुशल खोजने की मांग की है। थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, जरवलरोड क्षेत्र निवासी एक महिला ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी सात नवंबर की सुबह अपने बाबा के लिए खेत में चाय लेकर गई थी। काफी देर तक घर न लौटने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इसी तरह पयागपुर निवासी एक ग्रामीण ने तहरीर देकर बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी पांच नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे सहेली के साथ स्कूटी से कहीं गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि किशोरी को जल्द खोजने का प्रयास किया जा रहा है।
किशोरियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित
फखरपुर, जरवलरोड और पयागपुर से किशोरियों के लापता होने की जानकारी मिली है। उनकी तलाश के लिए संबंधित थानों में विशेष टीमें गठित की गई हैं। सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है।
-विश्वजीत श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक