बहराइच। उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित लोअर सबार्डिनेट परीक्षा 2013 में जिले के तीन होनहारों ने बाजी मारी है।
इसमें आलोक का मार्केटिंग इंस्पेक्टर कैटेगरी, आशुतोष का कोआपरेटिव इंस्पेक्टर ग्रेड-टू और रेवती रमण का मत्स्य निरीक्षक के पद पर चयन हुआ है।
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग की ओर से लोअर सबार्डिनेट परीक्षा का आयोजन वर्ष 2013 में हुआ था लेकिन परीक्षाफल जारी होने में ढाई वर्ष का समय लग गया।
सोमवार को जब परीक्षाफल घोषित हुआ तो शहर के मोहल्ला घसियारीपुरा निवासी आलोक श्रीवास्तव पुत्र अंबिका श्रीवास्तव अपना नाम सूची में देखकर खुशी से झूम उठे।
मार्केटिंग इंस्पेक्टर कैटेगरी में आलोक का चयन हुआ है। आलोक अपनी सफलता का श्रेय रिश्तेदार विमलेश श्रीवास्तव, मां-बाप व शिक्षकों को दे रहे हैं।
वहीं शहर के कानूनगोपुरा निवासी आशुतोष पांडेय पुत्र विनोद पांडेय का चयन कोआपरेटिव इंस्पेक्टर ग्रेड-टू में असिस्टेंट डवलेपमेंट ऑफिसर के पद पर हुआ है।
आशुतोष का कहना है कि शिक्षक आशीष और रमन के मार्गदर्शन से सफलता हासिल हुई है। वहीं आरक्षित वर्ग में कोठवल खुर्द गांव निवासी रेवती रमन पुत्र गौरीशंकर का नाम आया है।
रेवती रमन ने बताया कि पहले प्रयास में ही उन्हें सफलता मिली है। रेवती रमन का चयन मत्स्य निरीक्षक के पद पर हुआ है। अपने चयन से तीनों प्रतियोगी छात्र गदगद हैं। उनके घरों में भी लोग खुशी से अभिभूत हैं।