बहराइच। थाना कैसरगंज कार्यालय में तैनात हेड मुहर्रिर ने बिना अभिलेखों का परीक्षण किए एक मामले में रिपोर्ट पुलिस कार्यालय को भेज दी। मामले में लापरवाही पर हेड मुहर्रिर सहित तीन कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि कैसरगंज थाने में शक्ति सिंह उर्फ कौशलेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज था। इसमें थाने के हेड मुहर्रिर ने बिना अभिलेखों का परीक्षण किए ही रिपोर्ट तैयार कर डाली।
इसके बाद प्रभारी निरीक्षक का हस्ताक्षर कराकर उसे एसपी कार्यालय को भेज दिया। इस मामले में हेड मुहर्रिर मोहम्मद अली खां, कांस्टेबल बृजनंदन और बीट सिपाही रामकरन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।