रहीमनगर धोबाही गांव में गौने की रस्म के बाद गुरुवार को दोपहर विदाई हो रही थी। इस मौके पर मिनी ट्रक पर दहेज का सामान लादा जा रहा था। तभी अलमारी ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिसकी चपेट में आकर तीन ग्रामीण झुलस गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। एक ग्रामीण की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। उसका चेहरा भी झुलस गया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रहीम नगर धोबाही निवासी राम बहोरी वर्मा की बेटी का विवाह इसी थाना क्षेत्र के लगदहवा गांव निवासी युवक से हुआ था। बुधवार की रात वर पक्ष के लोग गौने की रस्म के लिए रहीमनगर आए थे।
यहां पर रस्म पूरी होने के बाद गुरुवार सुबह विदाई का कार्यक्रम था। हंसी-खुशी का माहौल था। विदाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका था। इस दौरान दहेज में मिले सामान को मिनी ट्रक पर लादा जा रहा था। इसी दौरान अलमारी लादते समय ऊपर से गुजरी हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गई। जिससे अलमारी लाद रहे मिनी ट्रक चालक नवाबगंज बनघुसरी निवासी नसीब अली (45), वधू के पिता रामबहोरी (49) तथा विनोद (42) को करंट लग गया और वे झुलस गए। आनन-फानन में झुलसे तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां पर विनोद की हालत नाजुक बताई जा रही है।