बहराइच। चोरी के सामान के साथ तीन लोगों को पकड़कर पुलिस ने रिसिया क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रिसिया क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए स्वाट व सर्विलांस टीम जांच कर रही थी। सर्विलांस प्रभारी मनोज सिंह की सूचना पर बृहस्पतिवार को रिसिया पुलिस ने गोठी मोड़ तिराहे के पास से बाइक सवार आगापुरवा निवासी सलमान व रामगांव के सराय मेहरा निवासी सुकनू को गिरफ्तार किया। तलाशी में दोनों के पास से नकदी व सोने-चांदी के जेवर बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने कैसरगंज क्षेत्र के हन्नी चौराहा निवासी सुनील उर्फ सुशील कश्यप के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूली। साथ ही चोरी के सामान को हरदी के महराजगंज निवासी असद को बेचने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम भेज कर असद को भी गिरफ्तार किया गया। असद के पास से भी जेवर बरामद हुए हैं। तीनों पर केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। एएसपी ने बताया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और कई केस दर्ज हैं।