बहराइच। सड़क हादसों में सोमवार को महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जरवलरोड में रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मारी, तो हुजूरपुर में दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक की जान चली गई। नानपारा में ई रिक्शा की टक्कर से महिला की मौत हुई। पुलिस ने सभी मामलों में वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड प्रतिनिधि ने बताया कि लखनऊ–बहराइच मार्ग पर घाघराघाट के पास सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार बाराबंकी जिले के शेखनपुरवा निवासी सागर (29) को टक्कर मार दी।
उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चपेट में आकर गोंडा जिले के शनि (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। शनि को सीएचसी मुस्तफाबाद से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है।
शिवपुर प्रतिनिधि ने बताया कि नानपारा के कौआभारी नई बस्ती मोड़ के पास रविवार शाम तेज रफ्तार ई रिक्शा ने सर्रा मुंदरी निवासी गीता देवी को टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी प्रीति घायल हो गई।
गीता देवी के पति बगई यादव ने बताया कि दोनों दवा लेकर घर लौट रही थीं, तभी ई रिक्शा चालक सतीश ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें टक्कर मारी। एसएसआई शशि प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हुजूरपुर प्रतिनिधि के अनुसार बढ़हिन पुरवा बसंतपुर गांव के पास सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में चांद (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गब्बू (16) निवासी आदिलपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। गब्बू को सीएचसी चिरैयाटांड़ भेजा गया।
थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले बाइक सवार रामस्वरूप निवासी बेहड़ा को हिरासत में ले लिया गया है।
धरसवां प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली देहात के बेरिया खलीलपुर के पास रविवार रात लगभग 11 बजे बहराइच डिपो की बस में पीछे से तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में मोहम्मद असलम (40), मोहम्मद अफजल (42), मोहम्मद सगीर (35) और फैजल (32) निवासी नानपारा घायल हो गए। सभी घायल बलरामपुर में दावत में शामिल होकर लौट रहे थे। चौकी इंचार्ज चित्तौरा मुकेश पांडे ने बताया कि सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बौंडी प्रतिनिधि ने बताया कि चेतरा-ढोढायल मार्ग पर रविवार रात को ननके निवासी गोडियनपुरवा, नहकटिया बाइक से गिरकर घायल हो गए। चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा।