रुपईडीहा। नेपालगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नेपाल में तीन भारतीय युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से 808 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके साथ ही आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल व भारतीय नंबर प्लेट का एक इलेक्ट्रॉनिक दो पहिया वाहन भी मिला है।
जिला पुलिस कार्यालय बांके को नेपालगंज के एक होटल में तस्करी संबंधित कुछ संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचना मिली थी। इस पर लागू औषध नियंत्रण ब्यूरो शाखा कार्यालय नेपालगंज की पुलिस टीम ने होटल में जांच के दौरान भारतीय क्षेत्र के नानपारा निवासी रिजवान अहमद इदरीसी, माज अहमद व रफ्त खान को पकड़ा। उनके पास से 808 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिला पुलिस कार्यालय बांके के सूचना अधिकारी प्रतीत सिंह राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।