बहराइच में अमीनपुर नगरौर के पास सड़क हादसे में बच्ची की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद गमगीन पिता
चित्तौरा/नानपारा (बहराइच)। अलग-अलग थानाक्षेत्रों में सड़क हादसों में बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायलों को मेडिकल काॅलेज पहुंचाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के नगरौर निवासी भूपत मंगलवार को अपनी नौ वर्षीय बेटी शिवांशी और गांव निवासी पूनम (45) सहित पांच लोगों के साथ गोंडा से बहराइच ट्रेन से आए थे। रात अधिक होने के चलते पैदल ही सभी लोग घर जाने लगे। रास्ते में गोंडा-बलरामपुर हाईवे पर दोनक्का के पास कार ने शिवांशी और पूनम को टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए और अस्पताल में बालिका ने दम तोड़ दिया। मृतका के पिता भूपत ने बताया कि वे लोग मंगलवार की सुबह अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। देर रात घर लौटते समय हादसा हो गया। पांच बहन व एक भाई में वह तीसरे नंबर पर थी। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र कुमार का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
साइकिल सवार बुजुर्ग की बाइक की टक्कर से मौत
कोतवाली देहात के सरदारपुरा निवासी सत्यमगन (73) मंगलवार की शाम साइकिल से दवा लेने गए थे। चित्तौरा के पास बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल काॅलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के पोते वीरेंद्र कुमार ने बताया कि वे दवा लेने गए थे। उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। एक पुत्र जसवंत है। वे मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते थे। मौत से परिजनों में कोहराम है।
ट्रक की टक्कर से बाइक चालक की मौत
नानपारा थानाक्षेत्र के हुलसापुरवा पतरहिया गांव निवासी प्रेमचंद (54) बुधवार की सुबह बाइक से दवा लेने के लिए बहराइच आ रहे थे। जब वे कोतवाली क्षेत्र के नानपारा बहराइच मार्ग पर चीनी मिल के पास पहुंचे, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वे हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनके तीन बेटे व दो बेटियां हैं। खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मौत से परिजन बेहाल हैं। नानपारा प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतक के पुत्र रामलाल ने कोतवाली में तहरीर दी है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।