बहराइच। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में अवैध तरीके से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जांच में खामियां मिलने पर कैसरगंज में दो व नगर क्षेत्र में एक अस्पताल को सील कर दिया गया। सीएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास स्थित लक्ष्य अस्पताल में टीम ने जांच की। इस दौरान कई खामियां मिलीं। अस्पताल के कर्मचारी कागजात नहीं दिखा सके। इस पर अस्पताल को सील कर दिया गया। इसके बाद जांच टीम तहसील कैसरगंज पहुंची। वहां भी कई निजी अस्पतालों की जांच की गई। इस दौरान आईकॉन अस्पताल व क्रिटिकल केयर अस्पताल में भारी गड़बड़ियां मिलीं। दोनों अस्पतालों के कागजात सही नहीं मिले। इस पर उन्हें भी सील कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।