बहराइच। थाना रानीपुर पुलिस ने बुधवार रात तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। चोरों के पास से दहौरा निवासी व्यक्ति के घर से चोरी किए गए जेवर तथा नकदी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान चोरों ने थाना रामगांव स्थित एक मंदिर से चोरी की गई प्रतिमा को नेपाल में बेचने की भी बात स्वीकार की।
थाना रानीपुर प्रभारी हरेंद्र नाथ राय ने बताया कि 27 जुलाई की रात दहौरा निवासी धर्मराज गुप्ता के घर में चोरों ने सेंधमारी करते हुए घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की तलाश की जा रही थी। बुधवार रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आनंदपुर मोड़ से एक बाइक पर सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी सूरज लोधी निवासी कुट्टी बाजार, लोधनपुरवा, थाना रानीपुर, सुभाष लोधी निवासी जिगनिया महिपाल, थाना रानीपुर व राजेंद्र लोधी निवासी केसरीपुरवा के पास से पुलिस को दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी छोटी बाली, 6050 रुपये नकद व एक बाइक बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान चोरों ने थाना रामगांव अंतर्गत एक मंदिर से चोरी की गई राधाकृष्ण की प्रतिमा को नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायालय के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।