नानपारा (बहराइच)। तालाब में नहाते समय मंगलवार शाम को तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई। हादसे से घर में कोहराम मच गया। भारी संख्या में लोग तालाब किनारे पहुंचे। लोगों ने शवों को बाहर निकाला। तीन बच्चों की मौत से मोहल्ले में मातम जैसा माहौल है।
कोतवाली नानपारा के कहारन टोला निवासी गोलू (8), बादल (6) व अमित (5) मंगलवार शाम लगभग चार बजे मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गए थे। सभी बच्चे शीशम वाले कब्रिस्तान स्थित तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान गोलू, बादल व अमित गहरे पानी में चले गए। अन्य बच्चों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तीनों डूब गए। सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण तालाब किनारे पहुंचे और शवों को बाहर निकलवाया।
परिजनों को बिना बताए नहाने गए थे बच्चे
मोहल्ला वासियों ने बताया कि किसी को भी बच्चों के तालाब में नहाने की जानकारी नहीं थी। मृतक बच्चों के परिजनों ने बताया कि अगर उन्हें पता होता तो वह बच्चों को नहीं जाने देते। बच्चे उन लोगों को बिना बताए चले गए।
राजस्व टीम को किया वापस
तीन बच्चों की मौत के संबंध में जब कोतवाली पुलिस से जानकारी ली गई तो उन्होंने इससे इंकार किया। घटना की सूचना पर कहारन टोला पहुंचे तहसीलदार प्रदुमन कुमार, नायब तहसीलदार रिसिया सुरेंद्र कुमार वर्मा व राजस्व कर्मियों को परिजनों ने वापस कर दिया। परिजनों ने बताया कि पहले ही उनके बच्चे नहीं रहे, अब उनकी मौत के बाद वह पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते हैं। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल वहीद परिवार को ढांढस बंधवाने के लिए पहुंचे और हर संभव मदद का वादा किया।