बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित बाक्सिंग प्रतियोगिता में मेडल के साथ मौजूद प्रतिभाग?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। सहारनपुर में आयोजित 35वीं सब जूनियर बालक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल से जिले के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बॉक्सिंग में जिले के तीन खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया। स्टेडियम पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों का सम्मान हुआ। सहारनपुर में खेल निदेशालय तथा उत्तर प्रदेश बाक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वाधान में 35वीं सब जूनियर बालक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिला क्रीड़ाधिकारी एआर अंसारी ने बताया कि प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल की टीम ने प्रतिभाग किया। इस टीम में जिले के 10 खिलाड़ी भी शामिल हुए। बॉक्सिंग कोच अभिषेक धानुक की अगुवाई में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
कोच अभिषेक ने बताया कि प्रतीक मिश्रा, ऋषि और बृजेश कश्यप ने कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि पहली बार बॉक्सिंग में खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया है। सभी खिलाड़ी सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। इस पर सभी का फूल मालाओं से स्वागत करते हुए सम्मानित किया गया। इस मौके पर उपक्रीड़ाधिकारी अनुपमा धानुक, बॉक्सिंग संघ अध्यक्ष अजय सिंह अन्नू, सचिव कैलाश यादव, हकीक अहमद, रामसुमिरन समेत खिलाड़ी मौजूद रहे।