बहराइच। सूफीपुरा मोहल्ला निवासी रेनू सिंह का पर्स बीते 18 अप्रैल को केडीसी चौराहे के पास बाइक सवार टप्पेबाज छीन ले गए थे। पीड़िता मरी माता मंदिर से लौट रही थी। पुलिस ने वारदात में शामिल नाबालिग आरोपी व उसके दादा और चोरी के आभूषण खरीदने वाले सर्राफ को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। इस मामले में दो अन्य की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना का खुलासा करते हुए एएसपी नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि सर्विलांस सेल के साथ-साथ पुलिस की पांच टीमें जांच कर रही थीं। इस दौरान घटना में शामिल दरगाह थाना क्षेत्र के सलारगंज निवासी नाबालिग को शिवनगर ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने टप्पेबाजी की बात स्वीकार की और उसके पास से 12,000 रुपये, दाे चांदी की तश्तरी व एक मोबाइल मिला है।
एएसपी ने बताया कि टप्पेबाजी में नाबालिग का साथ उसका दादा मेराज अहमद देता था। उसी ने उसे बाइक भी दी थी। मेराज को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही चोरी किए आभूषणोंं को खरीदने वाले स्वर्णकार मीराखेलपुरा निवासी मोहित रस्तोगी को भी जेल भेजा गया। टप्पेबाजी में शामिल काजीकटरा निवासी इमरान व अरशद अहमद की तलाश में दबिश दी जा रही है। इमरान व अरशद पूर्व में हुई मोबाइल फोन चोरी की वारदातों में जेल जा चुके हैं। टप्पेबाजी का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाली देहात के अपराध निरीक्षक आलोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अशोक जायसवाल, पुनीत सिंह, पंकज चौरसिया, आरक्षी अखिलेश पासवान, विकास यादव आदि शामिल रहे। एएसपी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम को इनाम दिया जाएगा।