पयागपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत खजुरी में अमृत पेयजल योजना के तहत टैंक निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबकर एक किशोर की मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।
पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजूरी निवासी सरजू (14) शनिवार को दोस्तों के साथ खेल रहा था। पैर फिसलने से वह गांव में अमृत पेयजल योजना के तहत टैंक निर्माण के लिए खोदे गड्ढे में गिर गया। जब तक उसे बाहर निकलवाते उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्राम प्रधान रमेश ने बताया कि अमृत पेयजल योजना के तहत एक वर्ष पहले गड्ढा खोदा गया था। संस्था निर्माण कार्य छोड़कर चली गई। गड्ढे में भरे पानी में कई मवेशी भी डूब चुके हैं। परिजनों समेत ग्रामीणों में घटना के बाद से आक्रोश है। जल निगम के अवर अभियंता अभय सिंह ने बताया कि टैंक निर्माण का ठेका पीएनसी संस्था को दिया गया था। जिसने एक ठेकेदार को काम दे दिया था, जो काम अधूरा छोड़कर चला गया। जल्द काम पूरा करवाया जाएगा। हादसे को लेकर वह चुप्पी साध गए।