बहराइच। बख्शीपुरा मोहल्ले में चोरों ने बंद घर से लाखों की नकदी व जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार वैवाहिक समारोह में शामिल होने गया था, तभी वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना दरगाह के बख्शीपुरा निवासी गल्ला व्यापारी राजकुमार तिवारी अपनी भतीजी की शादी में शनिवार को परिवार सहित चिलवरिया गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक, चोरों ने घर में रखे बक्सों व अलमारियों को तोड़कर उसमें रखे करीब चार लाख के सोने व चांदी के जेवर व 21 लाख की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। रविवार को वापस लौटने पर उन्हें वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए घटना के खुलासे की मांग की है। दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।