बहराइच में सावन माह के दूसरे सोमवार पर सिद्धनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। सावन के दूसरे सोमवार को भी शिवालयों में सन्नाटा पसरा रहा। मंदिरों में सुबह आरती व रुद्राभिषेक हुआ। इसके बाद लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। पुलिस भी मंदिरों के बाहर मुस्तैद रही। घर में ही भक्तों ने भगवान शिव को जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा था। अनलॉक शुरू होने के साथ ही सावन माह भी जारी हो गया। शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने की आशंका थी, जिसे देखते हुए प्रशासन की ओर से पहले सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पांच-पांच भक्तों के जलाभिषेक की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में मंदिरों में किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
सावन के दूसरे सोमवार को भी मंदिरों में सन्नाटा पसरा रहा। पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर, जंगलीनाथ मंदिर, मंगलीनाथ मंदिर, बाबा बागेश्वरनाथ मंदिर आदि में पुजारियों की ओर से भोर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करते हुए पूजा-अर्चना व आरती की गई। इसके बाद पुन: मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए। मंदिर में आने वाले कुछ भक्तों ने जलाभिषेक भी किया। इक्का-दुक्का पहुंचने वाले भक्तों को पुलिस कर्मियों ने नहीं रोका। वहीं भक्तों ने घर पर ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिरों के बाहर पुलिस मुस्तैद रही। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों के कई मंदिरों में सुबह के समय भक्तों ने पहुंचकर परंपरागत तरीके से जलाभिषेक किया।