बहराइच में मेडिकल कॉलेज के सामने लगा जाम।
बहराइच। अस्पताल चौराहे पर शनिवार दोपहर एक बजे जाम में एंबुलेंस सहित कई वाहन फंस गए। फुटपाथ पर खड़े वाहन और ई रिक्शा के जमावड़े के कारण जाम का कारण लोग दो घंटे तक परेशान होते रहे।
मेडिकल काॅलेज पहुंचना किसी चक्रव्यूह को भेदने से कम नहीं है। अतिक्रमण व जाम के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत भिनगा, इकौना व बलरामपुर से रेफर होकर आने वाले मरीजों को हो रही है। इस दिशा से आने वाले मरीज व तीमारदारों की एंट्री डिगिहा चौराहा से होते हुए मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर दो से होती है।
आम दिनों की तरह शनिवार दोपहर एक बजे भी यहां भीषण जाम का नजारा देखने को मिला। डिगिहा से लेकर अस्पताल चौराहे तक जाम लग गया। लोग 20-20 मिनट तक चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे रहे। जाम की वजह फुटपाथ पर खड़े वाहन और आधी सड़क तक ई- रिक्शों के जमावड़ा था। लोग जाम के दर्द से कराह रहे थे, लेकिन उन्हें राहत दिलाने की कोशिश करता एक भी पुलिस कर्मी नहीं दिखा। हालांकि अस्पताल चौराहे पर ही यातायात पुलिस की तैनाती है। मेडिकल कॉलेज के आसपास दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जाम में फंसी एंबुलेंस के अंदर मौजूद मरीज व उनके तीमारदार जल्द मेडिकल कॉलेज पहुंचने के लिए छटपटा रहे थे। लेकिन किसी को भी उनके दर्द और जान के जोखिम को लेकर जरा भी चिंता नहीं है। जाम की समस्या को लेकर प्रशासन के पास कोई मास्टर प्लान तक नहीं है। सिर्फ रस्मी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया जाता है और कुछ दिन बाद फिर वही स्थिति हो जाती है। नगर पालिका की ईओ प्रमिता सिंह बताती हैं कि अस्पताल के सामने होने वाले अवैध अतिक्रमण को जल्द हटाया जाएगा।