बहराइच। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। भूमि विवाद, कब्जेदारी, रास्ता विवाद और अन्य मामलों की शिकायतें सबसे अधिक रहीं। कई मामलों में अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए, जबकि कुछ मामलों का तत्काल समाधान भी कराया गया।
महसी प्रतिनिधि के अनुसार थाना हरदी में आयोजित समाधान दिवस के दौरान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई पर बल दिया।
विशेश्वरगंज प्रतिनिधि ने बताया कि थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें ज्यादातर मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। हालांकि जिम्मेदार राजस्व अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण शिकायतों का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। थानाध्यक्ष संदीप कुमार दुबे ने सभी प्रार्थनापत्र संबंधित लेखपालों को सौंपकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
रुपईडीहा प्रतिनिधि के अनुसार थाना दिवस में पुलिस और राजस्व टीम ने भूमि विवाद संबंधी एक मामले का मौके पर निस्तारण कराया। निरीक्षक क्राइम गणेश तिवारी ने बताया कि शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा रिसिया, पयागपुर, हुजूरपुर, कैसरगंज, फखरपुर, बौंडी में भी लोगों की फरियाद सुनी गई।
विशेश्वरगंज थाना समाधान दिवस में भवानीपुर बनकट निवासी कुसमा देवी ने भूमि विवाद संबंधी शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि खेत की जोताई को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। अधिकारियों ने संबंधित लेखपाल को मौके पर जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
झूरीकुइयां लखनपुर निवासी सरदार सिंह ने समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र देकर गांव के रास्ते पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जे के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। पुलिस व राजस्व टीम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
रुपईडीहा थाना दिवस में गंगापुरवा मोहनपुर निवासी केसरी और मोतीलाल के बीच भूमि पर लगे पिलर को लेकर चल रहा विवाद अधिकारियों ने मौके पर दोनों पक्ष से बातचीत कर सुलझा दिया।