बहराइच। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भेड़ियारी वीरपुरवा निवासी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व उनके भाई पूर्व प्रधान के घर पर सोमवार की रात एक साथ चोरों ने धावा बोला। चोरों ने दोनों के घरों में रखे लगभग दो लाख की नकदी और 40 लाख से अधिक के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस बड़ी घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। दोनों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भेडियारी निवासी निवासी कृपाराम यादव भेड़ियारी के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। वहीं इनके सगे भाई रक्षाराम यादव की पत्नी अनीता यादव ग्राम पंचायत भाठीकुंडा की वर्तमान प्रधान हैं। दोनों भाई परिवार समेत एक साथ भेड़ियारी में ही रहते हैं। सोमवार की रात भीषण गर्मी के चलते दोनों परिवार समेत छत पर सो रहे थे। इसका फायदा उठा कर घर में दाखिल हुए चोरो ने 40 लाख से अधिक का सामान गायब कर दिया। पूर्व प्रधान कृपाराम यादव ने बताया कि चोर अलमारियों व बक्सों का लॉक तोड़कर उसमें रखे 1, 32,000 रुपए नगर, सोने की चार चेन, तीन अंगूठी, एक हार, तीन बाला आदि व लगभग दो किलो चांदी के आभूषण उठा ले गए।
प्रधान प्रतिनिधि रक्षाराम ने बताया कि चोरों ने 1,72000 की नकदी समेत पांच सोने की चेन, सात अंगूठी, तीन झुमकी, चार कंगन, दो नथुनी, तीन माथ टीका, छह बाला, दो मोहर सोने व लगभग चार किलो चांदी के आभूषण उठा ले गए। थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मौके पर जांच पड़ताल की गई है।