शिवपुर। ग्राम गौड़िया में मंगलवार रात एक ग्रामीण के अहाते में बंधी बछिया को जंगली जानवर खींच ले गया। सुबह उसका शव गांव के बाहर मिला। इससे गांव के लोग दहशत में हैं। गांव के आसपास चार पिंजरे लगे हैं, लेकिन अब तक कोई भी वन्यजीव उसमें कैद नहीं हो सका है।
खैरीघाट के ग्राम गौड़िया निवासी राजेंद्र मिश्रा का घर गांव के बाहरी हिस्से में स्थित है। उनकी गाय की बछिया घर के बाहर अहाते में खुले स्थान पर बंधी हुई थी। रात में जंगली जानवर हमला कर उसे खींच ले गया। सुबह ग्रामीणों ने तलाश की तो बछिया का शव गांव से कुछ दूरी पर खेत में मिला।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है, लेकिन हमला किस वन्यजीव ने किया है, इसका पता अभी नहीं चल सका है। डीएफओ सुंदरेशा का कहना है कि वनकर्मियों की टीम लगातार गश्त कर रही है। जमीन सख्त होने से हमलावर वन्यजीव के पगचिह्नों की पहचान नहीं हो सकी है। ग्रामीणों को सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जंगली जानवर को पकड़ने के लिए पहले से ही चार स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं।